
युवाओं को मिलेगा 10,000 से अधिक पदों पर चयन का अवसर, वेतन ₹24,000 से ₹1,20,000 तक
कुशीनगर जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अंतर्गत प्रदेश के युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, गोरखपुर के तत्वावधान में रोजगार महाकुंभ-2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय आयोजन 14 व 15 अक्टूबर, 2025 को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देवरिया रोड, गोरखपुर में संपन्न होगा।
इस रोजगार महाकुंभ में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ओमान की प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन के अवसर उपलब्ध होंगे। कुल 10,655 रिक्त पदों पर विभिन्न श्रेणियों में भर्ती की जाएगी, जिनमें कंस्ट्रक्शन वर्कर, सुपरवाइजर सिविल, मोबाइल पंप ऑपरेटर, ट्रांजिट मिक्सर ड्राइवर, फोरमैन सिविल, हेवी ट्रक ड्राइवर, बस चालक, शटरिंग कारपेंटर, कंस्ट्रक्शन हेल्पर आदि पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को ₹24,000 से ₹1,20,769 तक मासिक वेतन दिया जाएगा, साथ ही निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था भी नियोजक कंपनियों द्वारा की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। साक्षात्कार में प्रवेश केवल क्यूआर कोड आधारित लिंक एडमिट कार्ड के माध्यम से ही दिया जाएगा, जिसे अभ्यर्थी पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, फोटो, आधार कार्ड एवं बायोडाटा साथ लाना आवश्यक है। उन्हें निर्धारित तिथि पर प्रातः 10:00 बजे मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देवरिया रोड, गोरखपुर में उपस्थित होना होगा।
रोजगार महाकुंभ-2025 की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है तथा प्रतिभागियों को आने-जाने हेतु कोई यात्रा व्यय देय नहीं होगा।
