
📰 विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पडरौना में मिशन शक्ति 5.0 के तहत आयोजित हुआ जागरूकता चौपाल
कुशीनगर। मिशन शक्ति के विशेष अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त करने के उद्देश्य से जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2025 को उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पडरौना में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने की। उन्होंने घरेलू हिंसा और दहेज उन्मूलन विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज में इन कुरीतियों के दुष्प्रभावों को बताया। उन्होंने कहा कि “महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा न केवल एक व्यक्ति, बल्कि पूरे समाज के विकास को प्रभावित करती है।”
इस अवसर पर जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती प्रीति सिंह ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे महिला सुरक्षा, रोजगार प्रशिक्षण, स्वावलंबन योजनाएं आदि की जानकारी दी। वहीं, श्रीमती वंदना कुशवाहा (जेंडर स्पेशलिस्ट) ने प्रदेश में संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों – 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 व 102 (स्वास्थ्य सेवाएं) – के उपयोग और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित पंपलेट्स वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं इन जानकारियों को अन्य लोगों तक पहुंचा सकें।
इस अवसर पर अमृता कुमारी, योगिता कुशवाहा, बृज किशोर, आदर्श यादव, महाविद्यालय के प्राचार्य, आचार्यगण एवं सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना की और महिलाओं के प्रति सम्मानजनक समाज निर्माण का संकल्प लिया।
