
📰 विलेज फास्ट टाइम्स – जनपद कुशीनगर
दिनांक – 02 नवम्बर 2025, थाना अहिरौली बाजार
जनपद कुशीनगर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में चल रहे सघन अभियान के दौरान बीती रात्रि थाना अहिरौली बाजार क्षेत्रान्तर्गत अहिरौली-बोदरवार मार्ग पर पुलिस और पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई।
विश्वसनीय सूचना पर गठित अहिरौली बाजार, कप्तानगंज एवं स्वाट टीम ने पुलिया के पास घेराबंदी की थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। जब पुलिस टीम ने रुकने का संकेत दिया तो उसने पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिससे हमलावर के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल व्यक्ति की पहचान राकेश कुशवाहा पुत्र छोटन कुशवाहा निवासी तरया लछिराम टोला मछार थाना तरयासुजान के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा व एक जिन्दा कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और 900 रुपये नकद बरामद किए। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्त राकेश कुशवाहा पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह कई संगीन मामलों में वांछित था, जिनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, 307 भादवि जैसी धाराएं शामिल हैं।
इसकी लंबी आपराधिक सूची में थाना अहिरौली बाजार, चौराखास और हाटा में दर्ज मुकदमे हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, पशु तस्करी और गैंग संचालन जैसी गंभीर धाराएं दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने मुठभेड़ में शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि,
“कुशीनगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे तत्वों के लिए जनपद में कोई स्थान नहीं है।”
बरामदगी व गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
निरीक्षक आशुतोष सिंह, प्रभारी स्वाट टीम, कुशीनगर
प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे, थाना अहिरौली बाजार
प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभूषण प्रजापति, थाना कप्तानगंज
👉 पुलिस की इस सफल कार्रवाई से स्थानीय क्षेत्र में राहत का माहौल है और पशु तस्करी पर एक और बड़ा प्रहार माना जा रहा है।





विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
दिनांक – 02 नवम्बर 2025
थाना अहिरौली बाजार क्षेत्र में पुलिस व 25 हजार रुपये के इनामिया पशु तस्कर के बीच मुठभेड़, तस्कर गोली लगने से घायल। मौके से अवैध शस्त्र व मोटरसाइकिल बरामद। क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन कुमार सिंह ने बताया — कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी है।
