

विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर।
दिनांक: 09 नवम्बर 2025 | थाना पटहेरवा
कुशीनगर पुलिस की सतर्कता ने आज एक बड़े अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। थाना पटहेरवा पुलिस ने अभियान के दौरान एक ट्रक से 101 बोटा अवैध महुअवा की इमारती लकड़ी बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के साथ वाहन सहित कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने ट्रक संख्या UP53ET6174 को रोककर तलाशी ली, जिसमें महुअवा की कीमती लकड़ियाँ भरी हुई पाई गईं। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदर्श शुक्ला पुत्र संतोष शुक्ला निवासी बंगरा राम बक्स, थाना सेवरही, जनपद कुशीनगर तथा रजनीश कुमार पुत्र विशुनदेव शर्मा निवासी टूटहा, थाना लालगंज, जनपद वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अभियुक्त यह लकड़ी जंगल क्षेत्र से अवैध रूप से काटकर बिहार भेजने की तैयारी में थे। पुलिस ने मौके से लकड़ी और वाहन को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं — धारा 40/41/42/52 भारतीय वन अधिनियम व धारा 4/10 उत्तर प्रदेश ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में वृक्षों का संरक्षण अधिनियम 1976 — के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्रवण कुमार, उपनिरीक्षक रमेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार व राम प्रवेश यादव की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने टीम को तत्परता और निष्ठा के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
