

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
दिनांक – 11 नवम्बर 2025
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जनपद कुशीनगर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनजागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी को घर-घर तक पहुंचाना रहा।
जनपद के शत्रुधनजीत नरेन्द्र प्रताप गन्ना कृषक इंटर कॉलेज, नेबुआ नौरंगिया में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोबेशन अधिकारी डी.सी. त्रिपाठी के निर्देशन में की गई। कार्यक्रम का संचालन हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा किया गया, जिसमें डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने “घरेलू हिंसा एवं दहेज उन्मूलन” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा न केवल महिलाओं के अधिकारों का हनन करती हैं, बल्कि समाज की जड़ों को भी कमजोर करती हैं।
कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती प्रीति सिंह ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं — जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आदि — के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं श्रीमती वंदना कुशवाहा ने प्रदेश में संचालित महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों — जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 व 102 (स्वास्थ्य सेवाएं) — के उपयोग और लाभ पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं व छात्राओं को संबंधित विषयों पर पंपलेट वितरित किए गए।
इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य आर.सी. गुप्ता, आचार्य सुधीर कुमार सिंह, दिनेश कुमार गौतम, कपिल कुमार, सुजीत कुमार सिंह, नरेन्द्र मौर्या, श्रीमती पूजा यादव, श्रीमती रीता देवी सहित सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के अंत में महिला सशक्तिकरण को लेकर छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे न केवल खुद को सशक्त बनाएंगी, बल्कि समाज में अन्य महिलाओं को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी।
– विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
