
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 12 नवम्बर 2025
कुशीनगर। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच प्रशासन ने मतदाताओं से जुड़े एक अहम चरण की शुरुआत कर दी है। उप जिलाधिकारी एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सर्वेश कुमार गौर ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जनपद कुशीनगर के सभी 07 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों — 229 खड्ढा, 330 पडरौना, 331 तमकुहीराज, 332 फाजिलनगर, 333 कुशीनगर, 334 हाटा तथा 335 रामकोला (अ.जा.) — में स्थित मतदेय स्थलों की सूचियाँ दिनांक 10 नवम्बर 2025 को प्रकाशित कर दी गई हैं।
इन सूचियों में प्रत्येक मतदान केंद्र का विवरण, भौगोलिक स्थिति एवं मतदाता सुविधा से संबंधित जानकारी दर्ज है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम हो सके। उन्होंने बताया कि यह सूची जिला निर्वाचन कार्यालय कुशीनगर, संबंधित तहसील कार्यालयों एवं जनपद की आधिकारिक वेबसाइट https://kushinagar.nic.in/draft-publication-polling-station_2023/ पर नि:शुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध है।
अधिकारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति, राजनीतिक दल या संगठन को प्रकाशित सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, असुविधा या सुधार की आवश्यकता महसूस होती है, तो वह 16 नवम्बर 2025 तक संबंधित उप जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी आपत्ति या सुझाव प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और सशक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक लोग मतदेय स्थलों की सूचियों का अवलोकन करें और आवश्यक सुझाव समय पर दें, जिससे मतदान व्यवस्था और भी पारदर्शी एवं सुलभ बन सके।
“मतदाता जागरूकता ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है” — प्रशासन की अपील
