
12 नवम्बर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर। जनपद में संपत्ति मूल्यांकन दरों के पुनरीक्षण को लेकर तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश स्टाम्प (संपत्ति का मूल्यांकन) नियमावली, 1997 के नियम-4 (यथासंशोधित 2013 व 2015) के तहत मूल्यांकन दर सूची का पुनरीक्षण प्रस्तावित है। उद्देश्य यह है कि वर्तमान दरों को बाजार मूल्य के अनुरूप और यथार्थवादी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित दर सूची का प्रारूप जारी कर आम नागरिकों से आपत्तियाँ और सुझाव मांगे गए थे, जो 18 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक प्राप्त किए गए। अब इन पर अंतिम विचार-विमर्श और निर्णय के लिए एक अहम बैठक बुलाई गई है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में 17 नवम्बर 2025 को अपराह्न 12:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार कुशीनगर में यह बैठक आयोजित होगी। इसमें संबंधित उपनिबंधक, तहसीलदार, उप जिलाधिकारी एवं सहायक महानिरीक्षक निबंधन शामिल रहेंगे।
बैठक में प्राप्त सभी आपत्तियों व सुझावों की समीक्षा की जाएगी और उचित संशोधनों पर विचार किया जाएगा। श्री मिश्रा ने बताया कि जिन नागरिकों ने आपत्तियाँ दर्ज कराई हैं, उन्हें भी सुनवाई हेतु आमंत्रित किया गया है ताकि वे अपने पक्ष को प्रत्यक्ष रूप से रख सकें।
जनहित से जुड़ी इस प्रक्रिया को प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित कर रहा है। उम्मीद की जा रही है कि नई मूल्यांकन दर सूची बाजार की वास्तविकता और जनसंतुलन के बीच उचित सामंजस्य स्थापित करेगी।
(रिपोर्ट: विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर)
