
पांच करोड़ की स्वीकृति जल्द, यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
19 नवंबर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर।
रन फ़ॉर यूनिटी कार्यक्रम के सफल समापन के बाद आज तमकुहीराज में व्यापारी नेताओं ने वर्षों से ठंडे बस्ते में पड़ी बस स्टैंड निर्माण की मांग को लेकर विधायक असीम कुमार को ज्ञापन सौंपा। व्यापारी नेता अजय गुप्ता इंजीनियर, सभासद एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू जायसवाल के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल पहुँचा और खाली पड़ी बस स्टैंड की जमीन पर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने की जोरदार मांग की।
व्यापारी नेता अजय गुप्ता इंजीनियर ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि “चार साल बीत चुके हैं, लेकिन बस स्टैंड की खाली जगह पर आज तक एक ईंट भी नहीं लगी। जनता परेशान है, व्यापारी परेशान हैं, परिवहन व्यवस्था अस्त-व्यस्त है—अब तत्काल कार्य शुरू होना ही चाहिए।”
वहीं पूर्वांचल व्यापार मंडल अध्यक्ष व सभासद पप्पू जायसवाल ने बताया कि लगभग 10 लाख रुपये की लागत से एक भवन तो बना दिया गया, पर वह वर्षों से यूं ही पड़ा है। “बसें अब तक बस स्टैंड तक नहीं आतीं, लोग सड़क पर ही चढ़ते-उतरते हैं, जिससे आए दिन अव्यवस्था रहती है। यदि निर्माण जल्द शुरू हो जाए तो पूरा इलाका लाभान्वित होगा।”
व्यापारी नेता शुकदेव रौनियार ने गोरखपुर–तमकुही रोड बस सेवा की अव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “शाम की बस तमकुही में ही रोक दी जाती है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कत होती है। इसे तत्काल तमकुही रोड तक चलाया जाना चाहिए।”
ज्ञापन प्राप्त करते ही विधायक असीम कुमार ने मौके पर ही परिवहन मंत्री से फोन पर वार्ता की। उन्होंने व्यापारियों की सभी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया और बस स्टैंड निर्माण की पूरी जानकारी मोबाइल के माध्यम से भेजी। विधायक ने आश्वासन दिया कि लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है, जिससे यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय जनता को बड़ा लाभ मिलेगा।
इस दौरान व्यापारी नेता अजय गुप्ता इंजीनियर, दवा संघ जिलाध्यक्ष पिंटू गुप्ता, व्यापारी नेता शुकदेव रौनियार, समाजसेवी राजेश जायसवाल, सभासद पप्पू जायसवाल सहित कई सम्मानित लोग मौजूद रहे।
