
20 नवंबर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) कुशीनगर में आज दिनांक 20 नवम्बर 2025 को आयोजित जनपद स्तरीय स्पेल बी (अंग्रेज़ी स्पेलिंग प्रतियोगिता) ने पूरे जिले में शिक्षा जगत को नई ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। प्रतियोगिता का माहौल इतना रोमांचक रहा कि हर राउंड के साथ बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास दोनों का स्तर दर्शकों को प्रभावित करता रहा।
जिले के सभी विकास खंडों से चयनित मेधावी छात्रों ने प्रतिभाग कर अपनी स्पेलिंग स्किल का बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन सबसे अधिक चमक बिखेरी सुकरौली विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय पिपरा उर्फ तितिला के होनहार छात्र हर्षित यादव ने। कठिनतम शब्दों की चुनौती को भी सरलता से पार करते हुए हर्षित ने पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर सुकरौली का मान बढ़ा दिया।
हर्षित की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय में हर्ष की लहर दौड़ गई। प्रधानाध्यापक प्रशांत कुमार वर्मा, तथा शिक्षक शमीम अख्तर, दीपेंद्र कुमार आनंद, रामबिलास, सुमन मल्ल और दुर्गविजय सिंह ने हर्षित को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ विद्यालय का, बल्कि पूरे विकास खंड का स्वर्णिम क्षण है।
वहीं, खण्ड शिक्षा अधिकारी सुश्री जया राय ने भी हर्षित की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि सुकरौली के बच्चों ने हमेशा जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और हर्षित ने इस परंपरा को नई ऊँचाई प्रदान की है। उन्होंने समस्त विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को इसी प्रकार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
स्पेल बी प्रतियोगिता के माध्यम से अंग्रेज़ी भाषा के प्रति छात्रों में बढ़ती रुचि और सीखने की जिज्ञासा का साफ़ परिचय मिला। हर्षित की जीत ने न सिर्फ जिले में उदाहरण पेश किया है बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया है कि मेहनत, आत्मविश्वास और मार्गदर्शन के बल पर हर सपना पूरा किया जा सकता है।

