
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के मोरवन गांव से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक महिला ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी हाईस्कूल परीक्षा दे चुकी पुत्री को प्रेम संबंध के नाम पर शादी का भरोसा दिलाया गया, लेकिन बाद में उसके साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार करते हुए अश्लील वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी दी गई।
पीड़िता की मां के अनुसार, गांव के ही एक युवक से उनकी बेटी का करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। युवक ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि वह उनकी बेटी से शादी करेगा। इसी विश्वास के चलते परिवार ने संबंध का विरोध नहीं किया। आरोप है कि युवक लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन बाद में अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर युवती को सुनसान स्थान पर बुलाया।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि नहर किनारे ले जाकर युवती के साथ अभद्रता की गई तथा उसका वीडियो भी बनाया गया। घटना के बाद आरोपी पक्ष द्वारा कथित रूप से वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने शादी करने का वादा कर मामला टालने की कोशिश की, लेकिन कई दिनों तक केवल आश्वासन ही मिलता रहा। अब आरोपी का मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।
परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने सुनियोजित तरीके से युवती की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने तमकुहीराज पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह आरोप प्रार्थना पत्र में लगाए गए हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। क्षेत्र में इस प्रकरण को लेकर व्यापक चर्चा है और लोग दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला न केवल कानून बल्कि सामाजिक मूल्यों पर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है।
