
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के प्रधान पट्टी गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 15 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मृतका की पहचान प्रियंका (15 वर्ष), पुत्री विनोद प्रसाद, निवासी मिश्रौली, थाना विशुनपुरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रियंका पिछले करीब दो वर्षों से अपनी मौसी के घर, प्रधान पट्टी गांव में रह रही थी। शनिवार को जब परिजनों ने उसे संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कुबेरस्थान थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल किशोरी की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह छिपी है, इस पर अभी स्पष्ट रूप से कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध भूमिका सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद प्रधान पट्टी गांव में मातम पसरा हुआ है। हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर 15 वर्षीय किशोरी की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या है। अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
