


विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के तिलकपट्टी चौराहे के समीप शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बाइक सवार अचानक सड़क पर अचेत अवस्था में गिर पड़ा। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे गोली चलने की घटना बता रहा था तो कोई धारदार हथियार से हमले की आशंका जता रहा था। हालांकि देर शाम तक पुलिस की ओर से इनमें से किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल अभी भी बेहोशी की हालत में है, जिसके कारण घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
घायल की पहचान अब्दुल हसन (61 वर्ष), पुत्र अफसर, निवासी मेहदिया के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर दिनदहाड़े ऐसी स्थिति कैसे बनी और यदि हमला हुआ है तो हमलावर कौन थे?
सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
विशुनपुरा के थानाध्यक्ष शनि कुमार जावला ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे गिरा पड़ा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामला जांच के अधीन है और घायल के होश में आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल जिला अस्पताल में घायल का उपचार जारी है। पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है और क्षेत्र में फैली अफवाहों के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें तथा जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और घायल के होश में आने के बाद सामने आने वाले बयान पर टिकी हुई हैं।
