
अहिरौली बाजार/कुशीनगर, 27 जून। विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता।
कुशीनगर जनपद के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हाटा–पिपराइच मार्ग पर सोनबरसा गांव के समीप तेज गति से आ रही एक कार ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार तीनों कई फीट ऊपर हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसा इतना भयावह था कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय शालू का कुछ दिन पूर्व गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। चिकित्सकों ने फॉलोअप जांच के लिए शनिवार को बुलाया था। इसी सिलसिले में शालू अपने 25 वर्षीय देवर विवेक की बाइक पर सवार होकर 55 वर्षीय सास माधुरी के साथ गोरखपुर जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक सोनबरसा गांव के समीप पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने सीधी टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची अहिरौली बाजार पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रविंदर राय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
कुशीनगर: अहिरौली बाजार के सोनबरसा पट्टन के पास हाटा-पिपराइच मार्ग पर एर्टिगा कार और बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक समेत दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने कार व चालक को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले की जांच जारी है।
