
कुशीनगर | 24 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला स्टेडियम, कुशीनगर में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय दिनेश प्रताप सिंह रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि दिनेश प्रताप सिंह ने उपस्थित जनसमूह को उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुशीनगर जनपद सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री के रूप में जब पहली बार कुशीनगर आने का अवसर मिला तो सीमावर्ती जनपद होने के कारण कुछ आशंकाएं थीं, लेकिन यहां की जनता, संस्कृति और विरासत ने उन सभी आशंकाओं को दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
उन्होंने विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि कजरी, लोकनृत्य और लोकगीत जैसी परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें नई पीढ़ी आगे बढ़ा रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कुशीनगर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास की नई योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा और जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था, विकास और सुशासन की मजबूत नींव पड़ी है।
राज्यसभा सांसद कुंवर आर.पी.एन. सिंह ने भी यूपी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुशीनगर जनपद विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में इसे और गति दी जाएगी।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि उत्तर प्रदेश किसी देश से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 1950 को प्रदेश की स्थापना हुई थी और आज का दिन ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगभग 16 करोड़ 4 लाख रुपये की योजनाओं के प्रशस्ति पत्र एवं डमी चेक वितरित किए गए। मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर विधायक हाटा मोहन वर्मा, विधायक खड्डा विवेकानंद पांडे, विधायक रामकोला विनय प्रकाश गौंड, विधायक पडरौना मनीष जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गेश राय, पिछड़ा आयोग सदस्य फूल बदन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, परियोजना निदेशक पीयूष कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।























