





विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 06 फरवरी 2026
जनपद कुशीनगर में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के स्पष्ट एवं सख्त निर्देशों के क्रम में 05/06 फरवरी 2026 की रात्रि एक व्यापक एवं सघन पुलिस चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज एवं दो थाना प्रभारी स्तर के अधिकारियों द्वारा देर रात्रि तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों, पीआरवी वाहनों, प्रमुख बैरियरों, पिकेट प्वाइंट्स तथा सीमावर्ती इलाकों में गहन निरीक्षण किया गया।
क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज श्री राकेश प्रताप सिंह द्वारा थाना कसया, तुर्कपट्टी एवं तमकुहीराज क्षेत्र में रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की औचक जांच की गई। इस दौरान भ्रमणशील पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया गया, जो अपने निर्धारित रूट चार्ट पर पूर्ण सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्यरत पाए गए। क्षेत्राधिकारी महोदय ने प्रमुख बैरियरों, पिकेट प्वाइंट्स तथा बिहार बॉर्डर पर तैनात पुलिस बल को सख्त निगरानी, प्रभावी गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्षों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा भी की।
प्रथम जोनल चेकिंग के अंतर्गत थाना रविन्द्रनगर धूस के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी द्वारा कोतवाली पडरौना, रामकोला एवं नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्रों में रात्रि ड्यूटी की जांच की गई। पीआरवी वाहन पूरी तरह अलर्ट मिले तथा बॉर्डर एवं संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
द्वितीय जोनल चेकिंग में थाना पटहेरवा के थानाध्यक्ष धीरेन्द्र राय द्वारा सेवरही, विशुनपुरा एवं तमकुहीराज क्षेत्र में पिकेट प्वाइंट, थाना कार्यालय, हवालात तथा रात्रि ड्यूटी की सघन जांच की गई। पीआरवी वाहनों की सक्रियता संतोषजनक पाई गई।
इस अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध, अवैध गतिविधियों एवं अराजक तत्वों के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के नेतृत्व में कुशीनगर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन ने पुलिस की इस सक्रियता की सराहना करते हुए इसे जनपद की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक बताया
