
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता की खास रिपोर्ट
“धारा 80 से लेकर नीचे की रिपोर्ट तक… क्या सब कुछ ‘इशारे’ पर चल रहा था?”
कुशीनगर। जनपद की कसया तहसील इन दिनों एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर जबरदस्त चर्चा के केंद्र में है। तहसील की गलियों से लेकर चौराहों, विद्यालयों और प्रशासनिक दफ्तरों तक एक ही सवाल गूंज रहा है—क्या अब कानून की किताब से ज्यादा असर “सेटिंग” और “हिसाब-किताब” का हो गया है? वायरल कथित ऑडियो में जिस तरह धारा 80 की कार्रवाई, रिपोर्ट लगवाने और “कितना करेगा” जैसी बातें सुनाई देने का दावा किया जा रहा है, उसने पूरे प्रशासनिक सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि कथित बातचीत करने वाला व्यक्ति कोई पेशेवर दलाल नहीं, बल्कि एक इंटर कॉलेज का शिक्षक विजय पाण्डेय बताया जा रहा है। यही वजह है कि मामला अब केवल तहसील तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की नैतिकता पर भी बहस शुरू हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक वायरल कथित ऑडियो में 16 कट्ठा जमीन पर धारा 80 की कार्रवाई को लेकर बातचीत हो रही है। बातचीत की शैली और आत्मविश्वास को देखकर लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक शिक्षक की तहसील प्रशासन में इतनी मजबूत पकड़ कैसे हो सकती है? चर्चा यह भी है कि उक्त शिक्षक कथित तौर पर लंबे समय से राजस्व मामलों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
वायरल ऑडियो में कथित बातचीत ने मचाया भूचाल
वायरल कथित ऑडियो में सबसे पहले एसडीएम द्वारा पूछा जाता है—“धारा 80 वाला 16 कट्ठा है या 18 कट्ठा?” जवाब आता है—“16 कट्ठा वाला है… जिसमें एक कट्ठा में मकान बन रहा है।”
इसके बाद कथित तौर पर पूछा जाता है—“नीचे से रिपोर्ट लगवा लिए या नहीं?” जवाब आता है—“अभी कुछ नहीं हुआ है… आप जब कहेंगे तब नीचे से लगेगा न।”
यहीं से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। क्योंकि इस बातचीत को सुनने वाले लोगों का कहना है कि यदि रिपोर्ट भी कथित तौर पर “संकेत” पर लगती है, तो फिर निष्पक्ष प्रशासनिक प्रक्रिया का क्या अर्थ रह जाता है?
बातचीत आगे बढ़ती है और जमीन की स्थिति तथा लोकेशन पर चर्चा होती है। फिर कथित तौर पर वह हिस्सा आता है जिसने पूरे जिले में सनसनी फैला दी। ऑडियो में कथित रूप से कहा जाता है—“इसमें ठीक-ठाक हो जाएगा… जो होगा हिसाब से होगा।” इसके बाद आवाज आती है—“तो ठीक है कर दूंगा… कितना करेगा, कुछ तो बात दो।” जवाब मिलता है—“शाम को सात बजे बता दूंगा।”
यही कथित लाइनें अब सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या तहसील में फाइलें अब नियम से नहीं, बल्कि “रेट” से आगे बढ़ रही हैं?
तहसील में कानूनी प्रक्रिया या ‘सेटिंग राज’?
इस वायरल कथित ऑडियो ने आम जनता के बीच प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर बड़ा अविश्वास पैदा कर दिया है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बातचीत सही पाई जाती है, तो यह केवल एक अधिकारी या एक शिक्षक का मामला नहीं होगा, बल्कि पूरे सिस्टम में फैली उस बीमारी का उदाहरण होगा जिसमें गरीब व्यक्ति महीनों चक्कर लगाता है और रसूखदार लोग फोन पर “काम सेट” करा लेते हैं।
लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर धारा 80 जैसी संवेदनशील कार्रवाई को लेकर इतनी सहज भाषा में “हिसाब” और “बात” कैसे हो सकती है? क्या अब सरकारी कार्रवाई भी कथित तौर पर पैसों की बोली पर तय होगी?
शिक्षा विभाग भी सवालों के घेरे में
मामले ने इसलिए और गंभीर रूप ले लिया है क्योंकि कथित बातचीत में शिक्षक का नाम सामने आ रहा है। समाज में शिक्षक को नैतिकता, अनुशासन और आदर्श का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में यदि कोई शिक्षक ही सरकारी दफ्तरों में कथित तौर पर “डीलिंग” करता नजर आए, तो यह शिक्षा व्यवस्था के लिए भी बड़ा सवाल बन जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जो व्यक्ति बच्चों को ईमानदारी और संविधान का पाठ पढ़ाता हो, यदि वही पर्दे के पीछे सरकारी अधिकारियों से “हिसाब” तय करता मिले, तो नई पीढ़ी को क्या संदेश जाएगा?
एक स्थानीय नागरिक ने नाराजगी जताते हुए कहा, “अगर गुरुजी ही घूस का गणित समझाने लगेंगे, तो फिर समाज का भविष्य कौन सुधारेगा?”
प्रशासनिक गलियारों में मचा हड़कंप
वायरल ऑडियो सामने आने के बाद तहसील और प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। हालांकि अभी तक किसी अधिकारी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मामला उच्च स्तर तक पहुंच चुका है। चर्चा यह भी है कि यदि जांच बैठती है, तो कई और नाम सामने आ सकते हैं।
सोशल मीडिया पर लोग लगातार इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि यदि मामले को दबाने की कोशिश हुई, तो जनता का भरोसा पूरी तरह टूट जाएगा। वहीं कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि सिर्फ अधिकारी पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि कथित तौर पर रिश्वत की पेशकश करने वालों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए।
आरोपी शिक्षक से पक्ष लेने का प्रयास
इस पूरे मामले में आरोपी बताए जा रहे शिक्षक विजय पाण्डेय से उनका पक्ष जानने के लिए लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई। मोबाइल फोन पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन हर बार फोन कट जाने की बात सामने आई। व्हाट्सएप के माध्यम से भी उनका पक्ष लेने का प्रयास किया गया, किन्तु समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई जवाब प्राप्त नहीं हो सका।
जनता पूछ रही—क्या होगी कार्रवाई या दब जाएगा मामला?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शासन और जिला प्रशासन इस वायरल कथित ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराएगा या फिर मामला समय के साथ ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?
क्योंकि यह मामला केवल एक ऑडियो का नहीं, बल्कि उस भरोसे का है जो जनता प्रशासन पर करती है। यदि तहसीलों में वास्तव में “सेटिंग संस्कृति” हावी हो चुकी है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरे का संकेत माना जाएगा।
हालांकि, यह स्पष्ट किया जाता है कि वायरल ऑडियो की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। समाचार में वर्णित बातें वायरल ऑडियो, स्थानीय चर्चाओं और सूत्रों से प्राप्त जानकारी पर आधारित हैं। जांच के बाद ही वास्तविक तथ्यों की पुष्टि संभव होगी।
