
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर/गोरखपुर न्यूज़ नेटवर्क
“न गठबंधन… न समर्थन, अब सीधे जनता के दम पर सत्ता संग्राम!” — राष्ट्रीय अध्यक्ष का बड़ा ऐलान
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां एक ओर पुराने राजनीतिक दल अपनी जमीन बचाने की जुगत में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्वांचल की धरती से एक नई राजनीतिक ताकत ने बड़ा हुंकार भर दिया है। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी कुलदीप पाण्डेय ने प्रेस वार्ता के दौरान ऐलान कर दिया कि उनकी पार्टी आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की अधिकतम सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी और जनता के बीच एक मजबूत, आक्रामक और निर्णायक विकल्प बनकर उभरेगी।
गोरखपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कुलदीप पाण्डेय ने बेहद तल्ख और जोशीले अंदाज में कहा कि प्रदेश की जनता वर्षों से बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, किसानों की बदहाली, शिक्षा व्यवस्था की कमजोरी और महिला असुरक्षा जैसी समस्याओं से त्रस्त है। जनता अब केवल वादे नहीं, बल्कि बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी “संकल्प हमारा, कल्याण सबका” के मूल मंत्र के साथ प्रदेश की राजनीति में नई क्रांति लाने जा रही है।
पाण्डेय ने दावा किया कि गोरखपुर समेत आसपास के कई जनपदों से भारी संख्या में युवा, किसान, महिलाएं, मजदूर और सामाजिक संगठन पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी गांव-गांव और घर-घर तक अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और आगामी चुनाव से पहले लाखों कार्यकर्ताओं को निःशुल्क जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। इतना ही नहीं, पार्टी द्वारा योग्य उम्मीदवारों को निःशुल्क टिकट देने की घोषणा ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा कि उनकी पार्टी किसी भी राजनीतिक दल से गठबंधन या समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता जातिवाद, परिवारवाद और सत्ता के पुराने खेल से ऊब चुकी है और एक साफ-सुथरे विकल्प की तलाश में है। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
प्रेस वार्ता के दौरान कुलदीप पाण्डेय ने युवाओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद भी प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। यदि जनता ने मौका दिया तो पार्टी युवाओं के लिए स्वरोजगार, कौशल विकास, नई उद्योग नीति और रोजगार सृजन पर विशेष काम करेगी। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, गांवों में विकास की नई योजनाएं लागू करने और मजदूर वर्ग को आर्थिक मजबूती देने का भी संकल्प दोहराया गया।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य समाज की पहचान महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से होती है। पार्टी महिला सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए विशेष अभियान चलाएगी। साथ ही गरीब और वंचित वर्ग तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की बात कही गई।
हालांकि प्रेस वार्ता के दौरान आरक्षण व्यवस्था, यूजीसी और एससी-एसटी कानून को लेकर दिए गए बयानों ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी। कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि पार्टी “आरक्षण मुक्त समाज” की दिशा में काम करेगी और यूजीसी तथा एससी-एसटी कानून को समाप्त कराने की मांग उठाएगी। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
प्रेस वार्ता के अंत में कुलदीप पाण्डेय ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव जाकर जनता को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराएं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़े जनआंदोलन के रूप में उभरेगी और 2027 का चुनाव प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर

