Oplus_0

विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडिला बुजुर्ग गांव में बुधवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। जिस घर में कुछ महीने पहले शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, वहीं अब चीख-पुकार, मातम और खामोशी पसरी हुई है। एक जीजा ने अपनी ही साली को कमरे में बंद कर गोली मार दी और फिर खुद को भी मौत के हवाले कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि लोग तरह-तरह की चर्चाओं में उलझे हुए हैं।
सुबह की शुरुआत सामान्य थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरा गांव गोलियों की आवाज से कांप उठा। बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र प्रजापति (28) निवासी धर्म चौक, थाना कुचायकोट, जनपद गोपालगंज बिहार, अपनी ससुराल बसडिला बुजुर्ग आया हुआ था। उसकी शादी लगभग 11 महीने पहले बेवी प्रजापति से हुई थी। परिवार के लोगों के मुताबिक वह विदेश में काम करता था और हाल ही में अपनी बहन की शादी में शामिल होने घर लौटा था।
इसी दौरान वह अपनी साली नैना प्रजापति (20) को अपने साथ ले जाने की जिद कर रहा था। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी वह नैना को ले जाने के लिए आया था, लेकिन परिवार ने उसे भेजने से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद मंगलवार शाम वह फिर ससुराल पहुंचा और रात में वहीं रुक गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि सुबह होते-होते यह घर खून से लाल हो जाएगा।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे जितेंद्र ने एक बार फिर नैना को अपने साथ भेजने की बात कही। माहौल सामान्य दिख रहा था। घर में नाश्ता तैयार हो रहा था और परिवार के लोग रोजमर्रा के काम में लगे थे। इसी बीच जितेंद्र ने नैना को कमरे में बुलाया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ ही सेकेंड बाद कमरे से गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी।
पहली गोली की आवाज सुनते ही परिजन घबरा गए। जब तक लोग दरवाजा तोड़ते, अंदर का दृश्य देखकर सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में नैना खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि जितेंद्र ने खुद को भी गोली मार ली थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक तमकुहीराज गिरजेश उपाध्याय, चौकी प्रभारी महेश मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी तमकुहीराज और फॉरेंसिक टीम भी गांव पहुंच गई। पुलिस ने पूरे कमरे को सील कर जांच शुरू की। घटनास्थल से अवैध असलहा और चार फायर किए गए खोखे बरामद किए गए हैं।
फॉरेंसिक टीम प्रभारी प्रकाश राय ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आखिर रिश्ते का यह विवाद खूनी अंजाम तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। गांव में लोग अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं, लेकिन पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
इस दर्दनाक वारदात ने एक ही परिवार की दो बेटियों की जिंदगी तबाह कर दी। एक बेटी का सुहाग उजड़ गया, तो दूसरी बेटी की सांसें हमेशा के लिए थम गईं। जिस मां-बाप ने हंसी-खुशी बेटियों को पाला था, आज वही माता-पिता दो लाशों के सामने बिलखते नजर आए। गांव में हर आंख नम है और हर जुबान पर सिर्फ एक सवाल— आखिर ऐसा क्या हुआ कि रिश्ता इतना खौफनाक बन गया?
तमकुहीराज की यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। रिश्तों के टूटते भरोसे और बढ़ती हिंसा के बीच यह वारदात कई गंभीर सवाल छोड़ गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
