
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद पुलिस विभाग में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई उनके पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही, शिथिलता और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर की गई है। एसपी के इस कड़े कदम से पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है और विभागीय कर्मचारियों के बीच जवाबदेही को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रभारी निरीक्षक तरयासुजान रहे निरीक्षक श्री रामसहाय चौहान को उनके कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं चौकी प्रभारी बहादुरपुर थाना तरयासुजान के उप निरीक्षक विक्रम अजीत प्रताप राय पर भी गाज गिरी और उन्हें भी निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और कार्यप्रणाली सुधारने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में थाना और चौकी स्तर पर कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं, जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। एसपी का यह एक्शन साफ संकेत दे रहा है कि अब कुशीनगर पुलिस में लापरवाही, ढिलाई और जिम्मेदारियों से भागने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जनपद में इस कार्रवाई की चर्चा आम जनता के बीच भी जोरों पर है। लोग इसे प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं। वहीं पुलिस विभाग के अंदर यह संदेश तेजी से फैल गया है कि अब “कुर्सी पर बैठकर खानापूर्ति” नहीं चलेगी, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और सक्रियता दिखानी ही होगी। एसपी के इस कड़क फैसले ने साफ कर दिया है कि कुशीनगर में अब ढीली कार्यप्रणाली पर सीधे कार्रवाई होगी।
