
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। दुनिया को शांति, संयम और सदाचार का संदेश देने वाली तथागत बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली कुशीनगर इन दिनों गंभीर चर्चाओं और सवालों के घेरे में है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी के रूप में पहचान बना रहे इस जिले में अब हाईवे किनारे संचालित कुछ होटल, लॉज और रेस्टोरेंट को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। आरोप और चर्चाएं यह संकेत दे रही हैं कि कुछ स्थानों पर खाने-ठहरने की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों का नेटवर्क बेखौफ तरीके से सक्रिय हो सकता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हिरनहापुर से गोपालगढ़ तक नेशनल हाईवे के किनारे तथा पकवाइनार व पथिक निवास के पीछे संचालित कुछ प्रतिष्ठानों को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि दिन के उजाले से लेकर देर रात तक संदिग्ध गतिविधियों, लग्जरी वाहनों की आवाजाही और बाहरी लोगों की मौजूदगी आम चर्चा का विषय बनी हुई है।
सबसे तीखा सवाल व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। आम चर्चा यह है कि जब भी किसी कार्रवाई की भनक लगती है, उससे पहले ही संबंधित लोगों तक सूचना कैसे पहुंच जाती है? क्या छापेमारी महज खानापूर्ति बनकर रह गई है? क्या छोटे चेहरों पर कार्रवाई दिखाकर बड़े नेटवर्क को बचाने का खेल चल रहा है? इन सवालों ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी कटाक्ष खड़े कर दिए हैं।
चर्चाओं के बाजार में यह आरोप भी तैर रहा है कि कथित “सेटिंग सिस्टम” और “महीना व्यवस्था” जैसी बातें खुलेआम कही-सुनी जा रही हैं। यदि यह सच नहीं है तो प्रशासन को पारदर्शी और कठोर कार्रवाई के जरिए स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, और यदि इन चर्चाओं में तथ्य हैं तो फिर यह केवल कानून का नहीं, बल्कि शासन की साख का भी बड़ा प्रश्न बन जाता है।
मामला केवल हाईवे तक सीमित नहीं बताया जा रहा। मंदिर क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय महत्व वाले पर्यटन स्थलों के आसपास संचालित कुछ प्रतिष्ठानों को लेकर भी स्थानीय नागरिकों में नाराजगी दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि जिस भूमि पर देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक शांति की तलाश में आते हों, वहां यदि कथित अवैध और अनैतिक गतिविधियों की चर्चा हो, तो यह जिले की प्रतिष्ठा पर सीधा आघात है।

सूत्रों की मानें तो इस नेटवर्क में शामिल होने वालों की सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियां भी अलग-अलग हो सकती हैं। आर्थिक दबाव, लालच, चमक-दमक, आसान कमाई और आधुनिक जीवनशैली की चाह कई युवाओं को जोखिम भरे रास्तों की ओर धकेल सकती है। यह केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और नैतिक गिरावट पर भी बड़ा सवाल है।
अब निगाहें प्रशासन पर टिक गई हैं। क्या बड़े स्तर पर निष्पक्ष जांच होगी? क्या केवल छोटे खिलाड़ियों तक कार्रवाई सीमित रहेगी या उन कथित संरक्षणदाताओं तक भी पड़ताल पहुंचेगी जिनकी चर्चा गलियारों में जोर पकड़ रही है?
बुद्ध की नगरी की पहचान आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक गौरव और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन से है। ऐसे में यदि कथित काले कारोबार की चर्चाएं यूं ही बढ़ती रहीं, तो नुकसान केवल छवि का नहीं, बल्कि उस विश्वास का होगा, जिस पर पूरी पर्यटन नगरी की नींव टिकी है। अब देखना यह है कि प्रशासन सवालों का जवाब कार्रवाई से देता है या चर्चाओं का धुआं यूं ही उठता रहता है।
