

🔴 एसपी के सख्त एक्शन से पुलिस विभाग में खलबली
🔴 कई थानों की कमान बदली, चौकी प्रभारियों से लेकर थाना प्रभारियों तक में बड़ा बदलाव
🔴 लाइन से थाने और थानों से लाइन भेजे गए कई चेहरे, चर्चाओं का बाजार गर्म
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद में पुलिस महकमे के भीतर बुधवार देर रात उस समय हलचल तेज हो गई, जब पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा जनहित और प्रशासनिक दृष्टिकोण से एक साथ 21 निरीक्षक व उपनिरीक्षकों के तबादले का आदेश जारी कर दिया गया। इस व्यापक फेरबदल के बाद जिले के कई थानों और चौकियों का पूरा समीकरण बदल गया है। पुलिस लाइन से लेकर थाना स्तर तक अफसरों के बीच नई तैनाती को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जारी सूची के अनुसार निरीक्षक धनवीर सिंह को रामकोला से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया, जबकि अपराध निरीक्षक रामकोला रहे अनिल सिंह यादव को अपराध शाखा में तैनाती दी गई है। वहीं तरयासुजान के अपराध निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह को प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र की जिम्मेदारी सौंपे जाने से भी विभाग में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा उपनिरीक्षकों के बड़े पैमाने पर हुए फेरबदल को लेकर हो रही है। डीसीआरबी में तैनात उपनिरीक्षक अनिल सिंह को रविन्द्रनगर धूस का थानाध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात कई उपनिरीक्षकों को सीधे थानों की जिम्मेदारी देकर पुलिसिंग को धार देने की कोशिश मानी जा रही है। चन्द्रभान सिंह को रामकोला, नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव को तरयासुजान, चन्दन कुमार सिंह और महेन्द्र मोहन मिश्र को कोतवाली पडरौना, राम सिंह को सेवरही, महेश कुमार चौबे को कुबेरस्थान तथा अरुण कुमार सिंह को हनुमानगंज थाना भेजा गया है।
इसके अलावा नेबुआ नौरंगिया से धर्मवीर सिंह को चौकी प्रभारी बहादुरपुर तरयासुजान बनाया गया है। सुकरौली चौकी प्रभारी चन्द्रभूषण पाण्डेय और कप्तानगंज के मंसूरगंज चौकी प्रभारी पंकज सिंह को जनसुनवाई सेल भेजा गया है। वहीं विशुनपुरा से धीरेंद्र वर्मा को सुकरौली चौकी की कमान दी गई है। पटहेरवा थाने से अनिल राय को मंसूरगंज चौकी प्रभारी बनाया गया है।
दूसरी सूची में पुलिस लाइन से राजकुमार भारती को तमकुहीराज, सुनील कुमार मिश्र को कसया, राजेश प्रसाद खरवार को नेबुआ नौरंगिया और लाल बिहारी को कुबेरस्थान थाना भेजा गया है।
सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में कानून व्यवस्था, लंबित मामलों की समीक्षा और जनसुनवाई में मिल रही शिकायतों के बाद यह तबादला एक्सप्रेस चलाई गई है। पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को “परफॉर्मेंस आधारित सर्जिकल स्ट्राइक” के तौर पर देखा जा रहा है। कई अफसरों के चेहरे उतर गए हैं तो कई नई तैनाती पाकर खुद को साबित करने की तैयारी में जुट गए हैं। जिले भर में अब निगाहें इस बात पर टिक गई हैं कि आखिर यह बड़ा प्रशासनिक दांव कानून व्यवस्था पर कितना असर डालता है।
