

अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई तय, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी और फ्लैग मार्च
कुशीनगर। आगामी ईदुज्जुहा/बकरीद पर्व को लेकर कुशीनगर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या नई परंपरा शुरू करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिलेभर से आए धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रशासनिक सख्ती का संकेत देते हुए कहा कि सभी त्योहार परंपरागत तरीके से ही मनाए जाएंगे और किसी भी प्रकार की नई परंपरा लागू नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगी और वेस्ट डिस्पोजल केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर ही किया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कानून व्यवस्था से जुड़े हर छोटे-बड़े मुद्दे पर नजर रखी जाए और त्योहार के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कई बार पुराने आपसी विवाद भी त्योहारों के समय तनाव का कारण बन जाते हैं, इसलिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहले से पहचान कर विवादों को सुलह-समझौते के जरिए समाप्त कराया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक सामग्री पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। साथ ही बिना सत्यता जांचे किसी भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने से बचने की अपील भी की गई।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने साफ कहा कि बकरीद तक जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर झूठी या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी कहा कि जिले के संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी की जाएगी और पुलिस की पैदल गश्त तथा फ्लैग मार्च को और तेज किया जाएगा।
बैठक में प्रशासन ने बिजली, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता दिखाई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित न हो और यदि कोई तकनीकी खराबी आती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए। वहीं डीपीआरओ और स्थानीय निकायों को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
इसके अलावा सभी एसडीएम, बीडीओ, क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। थाना स्तर पर विवाद पंजिका की समीक्षा कर संभावित विवादों को पहले ही निपटाने की रणनीति पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव मिश्रा, एडीएम न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं विभिन्न धर्मगुरुओं ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि जिले में भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
