


विलेज फास्ट टाइम्स जनपद कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के जंगल पचरुखिया के समीप हुए सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर पुलिस ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी सार्वजनिक की है।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को दोपहर करीब एक बजे संदीप कुमार नामक व्यक्ति ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे की सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना से आक्रोशित कुछ ग्रामीण ट्रक में तोड़फोड़ करने के साथ आगजनी का प्रयास भी कर रहे थे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद दुर्घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त कर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसी बीच 29 मई को ट्रक मालिक ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ट्रक के केबिन से 30 हजार रुपये नकद तथा बैटरी गायब कर दी गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और पूछताछ शुरू की।
पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान गांव की निवासी सुगंती देवी तथा उनके पुत्र मुकेश कुमार ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और पुलिसकर्मियों के साथ उलझ गए। इसके बाद दोनों के विरुद्ध थाना कुबेरस्थान में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आने की बात कही जा रही है कि सुगंती देवी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं के बीच पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है तथा सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है।
