
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
तमकुहीराज, कुशीनगर। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली संकट, महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने 09 जून 2026 को तमकुहीराज तहसील मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है। इस प्रदर्शन में किसान, मजदूर, व्यापारी, छात्र और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
CPI नेताओं का कहना है कि तमकुहीराज क्षेत्र में प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और व्यापारिक गतिविधियां भी ठप पड़ रही हैं। वहीं जगह-जगह जर्जर विद्युत पोल और तार हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीर नहीं दिख रहा है।
पार्टी ने बढ़ती महंगाई को भी प्रमुख मुद्दा बनाया है। नेताओं का आरोप है कि डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने आम परिवारों की कमर तोड़ दी है। किसानों की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि आमदनी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
धरने को लेकर CPI ने बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया है। पार्टी का आरोप है कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है।
CPI नेतृत्व ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे 9 जून को बड़ी संख्या में तहसील मुख्यालय पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार और प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस घोषणा के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और लोगों की निगाहें अब 9 जून के प्रदर्शन पर टिकी हैं।
