

विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद के थाना सेवरही क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पिपराघाट एहतमाली के देवनारायण टोला में रविवार को हुई दो सगी बहनों की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने इस घटना को एक दर्दनाक पारिवारिक त्रासदी में बदल दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक बहनों की पहचान लाली निषाद (20 वर्ष) एवं शीला निषाद (18 वर्ष) पुत्री रामप्रसाद निषाद के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक दोनों बहनों का गांव के ही दो युवकों से पूर्व में संबंध था, जिसे लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। मृतकाओं के पिता रामप्रसाद द्वारा अलग-अलग समय पर संबंधित युवकों के खिलाफ तीन मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे। पुलिस ने पूर्व में दोनों लड़कियों को बरामद भी किया था, लेकिन इसके बावजूद उनका संपर्क उन युवकों से बना रहा। इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पूर्व पिता द्वारा दोनों बहनों के मोबाइल फोन छीन लिए गए थे, जिन्हें कथित तौर पर संबंधित युवकों ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद परिवार में विवाद और बढ़ गया। प्रारंभिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि घरेलू कलह और गुस्से के माहौल में परिवार के ही सदस्यों ने दोनों बहनों की डंडों से पिटाई कर उनकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में मृतकाओं के दोनों भाइयों सूरज एवं नितीश को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
