
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विषेश संवाददाता
कसया में 453 नेपाली युवाओं का जमावड़ा: क्या सीमा पर सुरक्षा तंत्र गहरी नींद में था?
कुशीनगर। नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील जनपद कुशीनगर का कसया क्षेत्र इन दिनों एक ऐसे मामले को लेकर चर्चा में है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था, खुफिया तंत्र और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार महीने तक सैकड़ों नेपाली युवक-युवतियां कसया में रहकर कथित प्रशिक्षण लेते रहे, किराये के मकान भरे रहे, बैठकों और कार्यक्रमों का दौर चलता रहा, लेकिन जिम्मेदार विभागों को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। आखिर ऐसा कैसे संभव हुआ?
मामले का खुलासा तब हुआ जब नेपाल दूतावास की शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन सक्रिय हुआ। कार्रवाई के दौरान 453 नेपाली युवक-युवतियों को विभिन्न स्थानों से बरामद किया गया। इस घटना ने न केवल एक कथित नेटवर्क मार्केटिंग और ठगी सिंडिकेट पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि जिले की निगरानी व्यवस्था की वास्तविकता भी उजागर कर दी है।
नेपाल से आई सूचना, तब टूटी प्रशासन की नींद
जानकारी के अनुसार नेपाल दूतावास को शिकायत मिली थी कि बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों को नौकरी, बेहतर आय और सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर कुशीनगर बुलाया जा रहा है। आरोप यह भी था कि कुछ लोगों को उनकी इच्छा के विरुद्ध रोका गया और उनसे संदिग्ध गतिविधियां कराई जा रही थीं।
दूतावास की शिकायत के बाद जब जांच शुरू हुई तो सामने आया कि कसया क्षेत्र में लंबे समय से बड़े स्तर पर गतिविधियां संचालित हो रही थीं। सवाल यह है कि जो सूचना नेपाल तक पहुंच गई, वह स्थानीय खुफिया तंत्र और पुलिस तक क्यों नहीं पहुंची?
चार महीने तक चलता रहा पूरा नेटवर्क
सूत्रों के मुताबिक फरवरी 2026 से कसया के सपहा रोड क्षेत्र में कथित प्रशिक्षण केंद्र संचालित हो रहे थे। यहां नेपाल से आने वाले युवक-युवतियों को जोड़ा जा रहा था। आठ से दस किराये के मकानों में उनके रहने की व्यवस्था थी। रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना और बैठकों का आयोजन हो रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अचानक नेपाली नागरिकों की संख्या बढ़ना चर्चा का विषय बन गया था। बाजारों, दुकानों और मोहल्लों में इसकी बातें होती थीं। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
453 विदेशी नागरिक और प्रशासन अनजान!
विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी सीमा से सटे जिले में विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाती है। ऐसे में 453 विदेशी नागरिकों का महीनों तक एक क्षेत्र में रहना और प्रशासन को जानकारी न होना बेहद गंभीर विषय है।
क्या किरायेदारों का सत्यापन हुआ था?
क्या मकान मालिकों ने पुलिस को सूचना दी थी?
क्या स्थानीय थाने ने कभी जांच की?
क्या एलआईयू और अन्य खुफिया एजेंसियों ने इस गतिविधि की रिपोर्ट तैयार की?
यदि नहीं, तो यह चूक किसकी मानी जाए?
इन सवालों का जवाब अब जनता मांग रही है।
सिर्फ गिरफ्तारियां नहीं, जवाबदेही भी जरूरी

पुलिस ने मामले में नौ नेपाली नागरिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। लेकिन इस कार्रवाई के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित हैं। क्या केवल कुछ लोगों की गिरफ्तारी से पूरा मामला समाप्त हो जाएगा? या फिर उन जिम्मेदार अधिकारियों और विभागों की भूमिका की भी जांच होगी, जिनकी निगरानी में यह सब चलता रहा?
क्योंकि यदि नेपाल दूतावास की शिकायत न आती, तो संभव है कि यह पूरा नेटवर्क आज भी बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसा रहा होता।
सीमा सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
कुशीनगर नेपाल सीमा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण जिला है। यहां सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस और खुफिया विभाग लगातार निगरानी का दावा करते हैं। लेकिन कसया की इस घटना ने उन दावों की सच्चाई पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
जब सैकड़ों विदेशी नागरिक महीनों तक एक ही क्षेत्र में मौजूद थे, तब उनकी गतिविधियों की जानकारी संबंधित एजेंसियों तक क्यों नहीं पहुंची? क्या सूचना तंत्र पूरी तरह विफल हो चुका है, या फिर कहीं न कहीं लापरवाही को नजरअंदाज किया गया?
बरामदगी से ज्यादा, व्यवस्था पर सवाल
कसया से 453 नेपाली युवक-युवतियों की बरामदगी केवल एक पुलिस कार्रवाई नहीं है। यह उस व्यवस्था का आईना है जो सुरक्षा और सतर्कता के बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन अपने ही क्षेत्र में चल रही गतिविधियों को समय रहते पकड़ नहीं पाती।
आज सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस मामले की जानकारी नेपाल दूतावास तक पहुंच गई, वह कुशीनगर के जिम्मेदार तंत्र की नजरों से कैसे ओझल रही? आखिर चार महीने तक कौन सो रहा था?
फिलहाल जांच जारी है, लेकिन यह मामला आने वाले दिनों में प्रशासनिक जवाबदेही, खुफिया विफलता और सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ी बहस का कारण बन सकता है। जनता अब केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि जवाब भी चाहती है।

