

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | 16 जून 2026
कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम खोटही निर्भया के समीप लालवीर फिलिंग स्टेशन के पास मोटरसाइकिल और टैंकर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कप्तानगंज की ओर से आ रही मोटरसाइकिल संख्या UP53EC1062 ने नेबुआ की तरफ से आ रहे टैंकर संख्या UP57BT0164 से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि मोटरसाइकिल सवार रामलखन मद्धेशिया (38 वर्ष) तथा उनके पुत्र रौनक मद्धेशिया (11 वर्ष) निवासी पिपराइच, जनपद गोरखपुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल रामलखन की पत्नी शशिकला (35 वर्ष) एवं पुत्री लाडो (14 वर्ष) को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने शशिकला को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटी लाडो की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही रामकोला पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस रविंद्रनगर धूस भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल टैंकर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
क्षेत्राधिकारी खड्डा वीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कराई जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक खुशहाल परिवार को पल भर में उजाड़ दिया। क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने मौके पर शांति व्यवस्था कायम रखते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
