



विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
विशेष संवाददाता
कुशीनगर/हाटा। हाटा कोतवाली क्षेत्र के पड़री ग्राम सभा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ईंट-भट्ठे के समीप झाड़ियों के बीच एक युवक का कंकालनुमा शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कई दिनों से लापता युवक की इस दर्दनाक हालत में बरामदगी ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर अनेक सवाल उठा रहे हैं।
मृतक की पहचान योगेश कुमार (30 वर्ष) पुत्र रामप्यारे निवासी पड़री के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार योगेश बीते 17 जून से घर से लापता था। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। बुधवार को ईंट-भट्ठे के पास स्थित झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जब लोगों ने झाड़ियों के भीतर जाकर देखा तो वहां मानव शरीर के अवशेष, हड्डियां और कपड़े पड़े मिले। यह दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे, तितला चौकी प्रभारी धीरज कुमार वर्मा तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कराए। मृतक के कपड़े, हड्डियां और अन्य अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
इस दर्दनाक घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। योगेश मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। ग्रामीणों के अनुसार चार वर्ष पूर्व उसकी पत्नी का भी निधन हो चुका है। अब योगेश की मौत के बाद उसके पांच मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। युवक की मौत कैसे हुई, यह सवाल अभी भी रहस्य बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा। वहीं इस सनसनीखेज बरामदगी ने पूरे क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।
