

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
विशेष संवाददाता
कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में जंगल लाला छपरा के दुबौली बाजार स्थित टोला सोहनपुर में मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा तो अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गाटा संख्या 79/खलिहान की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा खलिहान की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य एवं अन्य गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। ग्रामीणों की शिकायतों और प्रशासनिक जांच में मामला सही पाए जाने के बाद राजस्व विभाग हरकत में आया। नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान बुलडोजर ने अवैध कब्जों पर सीधा प्रहार किया। देखते ही देखते सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण जमींदोज हो गए। प्रशासन की सख्त कार्रवाई को देखकर आसपास के क्षेत्रों में भी अवैध कब्जाधारकों के बीच बेचैनी और डर का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।
राजस्व अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीनों को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर सार्वजनिक एवं सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी ने दोबारा सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद यह संदेश साफ हो गया है कि प्रशासन अब सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे को लेकर पूरी तरह सख्त रुख अपना चुका है। बुलडोजर की गर्जना ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट संकेत दे दिया है कि सरकारी भूमि पर कब्जे की मंशा रखने वालों के लिए अब कोई राहत नहीं है।
