
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने प्रभावी खुलासा करते हुए संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही गिरोह में शामिल दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये मूल्य के चोरी गए आभूषण, नकदी, एंड्रॉयड मोबाइल, मोटरसाइकिल, साइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया गया, जिससे क्षेत्र में सक्रिय चोरी के नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव के नेतृत्व में विशुनपुरा थाना पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर ग्राम शाहपुर उचकी पट्टी में हुई चोरी की वारदात का सफल अनावरण किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुस्तम अंसारी एवं जुल्फकार अंसारी, निवासी जंगल शंकरपुर थाना तुर्कपट्टी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह पहले दिन में विभिन्न क्षेत्रों की रेकी करता था और मौका मिलते ही घरों व दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी का सामान औने-पौने दामों में बेचकर अवैध धन अर्जित किया जाता था। गिरोह में नाबालिगों को भी शामिल किया जाता था ताकि संदेह की स्थिति में वे आसानी से बच निकलें।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30,810 रुपये नकद, लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, तीन चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल, एक चोरी की प्लेटिना मोटरसाइकिल, एक साइकिल तथा अन्य सामान बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के विरुद्ध जनपद के अन्य थानों में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता के लिए विशुनपुरा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन का भरोसा और मजबूत हुआ है।
विशुनपुरा पुलिस का बड़ा एक्शन: थाना क्षेत्र में हुई चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने पूरी टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने का संदेश दिया।
