
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर पुलिस ने एक बार फिर तेज कार्रवाई का परिचय देते हुए थाना चौराखास क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के 1 लाख 40 हजार रुपये, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद कर ली हैं। इस कार्रवाई को जिले की बड़ी पुलिस सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव के नेतृत्व में थाना चौराखास पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया।
घटना 6 जुलाई की शाम बाढ़ू चौराहा (दर्जिया) के पास हुई थी, जहां कलेक्शन एजेंट से मारपीट कर करीब डेढ़ लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मुकदमा दर्ज किया और कई टीमों को खुलासे के लिए लगाया।
जांच के दौरान सामने आया कि यह लूट पूरी तरह पूर्व नियोजित साजिश थी। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि कलेक्शन एजेंट विपिन तुरहा ने अपने रिश्तेदार वीरेन्द्र कुमार शाह उर्फ जगुआर के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। वसूली के दौरान अपनी लोकेशन व्हाट्सएप के माध्यम से साथियों को भेजी गई, जिसके बाद रास्ते में फर्जी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। योजना के मुताबिक लूटी गई रकम का आधा हिस्सा आपस में बांटने की तैयारी थी।
हालांकि वारदात के दौरान मारपीट वास्तविक हो गई और आपसी विवाद में विपिन तुरहा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि साजिश में शामिल विपिन तुरहा सहित एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर ₹1.40 लाख नकद, एक मोबाइल फोन, बजाज सीटी-100 और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में अफजल अंसारी, शहनवाज अंसारी, वीरेन्द्र कुमार शाह उर्फ जगुआर तथा नीरज यादव शामिल हैं।
इस पूरे ऑपरेशन में थाना चौराखास पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई निर्णायक साबित हुई। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर और त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कुशीनगर पुलिस की इस तेज कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है, जबकि आम जनता में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।
24 घंटे में लूटकांड का खुलासा: कुशीनगर पुलिस ने कलेक्शन एजेंट से हुई लूट का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 1.40 लाख रुपये, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद कीं। एसपी केशव कुमार ने इसे टीमवर्क और त्वरित कार्रवाई का परिणाम बताया।
