


विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता
दुदही (कुशीनगर), 12 जुलाई। विश्व हिन्दू परिषद–पडरौना के मार्गदर्शन एवं बजरंग दल द्वारा चलाए जा रहे सेवा सप्ताह के अंतर्गत रविवार को प्रखण्ड दुदही के नौगवां ग्राम में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण तिवारी, डॉ. अश्विनी चतुर्वेदी एवं डॉ. सागर मौर्य ने विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। शिविर के सफल संचालन में दीपेन्द्र पाण्डेय, अंजली सिंह, आनन्द ओझा एवं बृजेश ओझा ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। पूरे दिन ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच का क्रम चलता रहा और लोगों ने इस पहल की सराहना की।
बजरंग दल की ओर से प्रखण्ड सहसंयोजक राजगौरव, गोरक्षा प्रमुख आयुष, साप्ताहिक मिलन प्रमुख भवानी सिंह तथा सुरक्षा प्रमुख नितेश सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं की कमान संभाली। वहीं विश्व हिन्दू परिषद के जिलामंत्री सुरेन्द्र सिंह, जिलासहमंत्री माणिक्य, जिलाधर्माचार्य संपर्क प्रमुख वेद प्रकाश, जिलाकोषाध्यक्ष पारसनाथ, प्रखण्ड अध्यक्ष गौरव तथा प्रखण्ड सहमंत्री मार्कण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाया।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर चिकित्सा शिविर में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा ही संगठन की सबसे बड़ी पहचान है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य एवं मानवीय सहायता पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है।
ग्रामीणों ने इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर गांवों में समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। सेवा सप्ताह के इस आयोजन ने सामाजिक एकता, जनकल्याण और मानव सेवा का प्रेरणादायी संदेश देकर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई
