


16 जुलाई | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के विकास खंड पडरौना स्थित रामकोला रोड के पार्थ रिजॉर्ट लॉन में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 113 जोड़ों ने एक साथ नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। इनमें हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय के 26 जोड़ों का निकाह भी इस्लामी परंपरा के अनुसार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का निर्धारित लक्ष्य 200 जोड़ों का था, जबकि कुल 113 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। मुस्लिम समुदाय से 30 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 26 जोड़ों का सफलतापूर्वक निकाह कराया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि कुशीनगर के सांसद विजय दुबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख पडरौना तथा ब्लॉक प्रमुख विशुनपुरा उपस्थित रहे। नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की सबसे संवेदनशील और जनहितकारी योजनाओं में से एक है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मान और सुरक्षा के साथ नया जीवन प्रारंभ करने का अवसर भी प्रदान करती है।
परियोजना निदेशक प्रत्यूष सिंह ने सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, सफल और समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आर्थिक अभाव किसी भी बेटी के विवाह में बाधा न बने और प्रत्येक पात्र परिवार को योजना का पूरा लाभ मिले।
विवाह समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, वहीं मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया। विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद नवदंपतियों को मंच से आशीर्वाद दिया गया तथा सरकार की ओर से निर्धारित उपहार सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। गायिका सृष्टि दुबे और उनके सहयोगियों ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे पंडाल को उत्साह और उल्लास से भर दिया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र नवदंपति को लगभग ₹64 हजार की आर्थिक सहायता सीधे वधू के बैंक खाते में भेजी जाती है। इसके अतिरिक्त लगभग ₹21 हजार मूल्य की गृहस्थी एवं उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जबकि लगभग ₹15 हजार की राशि विवाह समारोह के आयोजन पर व्यय की जाती है। योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों पर विवाह का आर्थिक बोझ कम करना तथा बेटियों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की शुरुआत कराना है।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मननजय तिवारी ने किया। समारोह में परियोजना निदेशक प्रत्यूष सिंह, समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, खंड विकास अधिकारी विशुनपुरा अखंड प्रताप सिंह, विकास खंड पडरौना के अधिकारी एवं कर्मचारी, ब्लॉक प्रमुख पडरौना, ब्लॉक प्रमुख विशुनपुरा, प्रधान बबलू कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं की लोगों ने खुलकर सराहना की। विशेष रूप से समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव एवं समाज कल्याण विभाग की टीम की मेहनत और समन्वय की चर्चा पूरे समारोह में होती रही। सुव्यवस्थित प्रबंधन, गरिमामय वातावरण और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सफलता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
