
17 जुलाई | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
जनपद कुशीनगर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महज 72 घंटे के भीतर जनपद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 58 वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही 165 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 223 लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह विशेष अभियान 14 जुलाई 2026 की शाम 4 बजे से 17 जुलाई 2026 की सुबह 6 बजे तक लगातार चलाया गया। अभियान का उद्देश्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंटियों की धरपकड़ तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना रहा। अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ दबिश देकर कई वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।
थानावार कार्रवाई पर नजर डालें तो कसया थाना सबसे आगे रहा, जहां 25 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं सेवरही थाना में 20, कोतवाली पडरौना में 19, पटहेरवा और रामकोला में 16-16, तरया सुजान में 14, जबकि विशुनपुरा और खड्डा में 13-13 लोगों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा कसया, कप्तानगंज, अहिरौली बाजार, तमकुहीराज, बरवापट्टी, नेबुआ नौरंगिया, कुबेरस्थान, तुर्कपट्टी, हाटा, रविंद्र नगर, जटहां बाजार, चौरा खास और हनुमानगंज सहित सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियान को सफल बनाया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। फरार अभियुक्तों, वारंटियों तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
लगातार हो रही इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि कुशीनगर पुलिस अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अपराधियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।
