
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के सेवरही थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय खौफनाक मंजर में बदल गया, जब डीजे पर पसंदीदा गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। शादी की खुशियों के बीच अचानक मची चीख-पुकार और अफरा-तफरी ने पूरे माहौल को दहला दिया। इस सनसनीखेज घटना में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात तरया सुजान थाना क्षेत्र के नमी चौहान (तरया करी शाही) के यहां से बारात सेवरही थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित काशी चौहान के घर पहुंची थी। बारात में डीजे की धुन पर नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अपनी-अपनी पसंद का गाना बजाने को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान बसडीला पांडेय के श्रीपत टोला निवासी सुजीत चौहान (19 वर्ष), पुत्र अजय चौहान, जो अपने मामा के घर से बारात में शामिल होने आया था, पर किसी ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल सुजीत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
सूचना मिलते ही सेवरही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
इस दर्दनाक वारदात के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर भारी आक्रोश और सनसनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
