

केबीजे इंडिया न्यूज़, गोरखपुर मंडल से विशेष रिपोर्ट
मीडिया प्रभारी – पूनम जायसवाल
बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर बसे बगहा क्षेत्र में रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब चर्चित चिकित्सक एवं पटना एम्स व डिफेंस मोतिहारी से जुड़े प्रसिद्ध डॉक्टर डॉ. ए.के. जायसवाल ने अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इंद्रावती हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र स्वास्थ्य सेवा की नई उम्मीदों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बिहार के माननीय सांसद सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विधायक राम सिंह, जिला अध्यक्ष अंचित कुमार लल्ला, समाजसेवी बब्लू तिवारी, मनिकेश, तथा उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के खड्डा क्षेत्र से चेयरमैन दुर्गेश वर्मा, उप जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, पिंटू, अनुराग श्रीवास्तव समेत कई प्रतिष्ठित लोग मंच पर मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में लगभग एक हजार से अधिक लोगों की भारी भीड़ ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
मुख्य अतिथि सांसद सुनील कुमार ने फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया और कहा कि सीमावर्ती इलाकों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की लंबे समय से कमी महसूस की जा रही थी। इंद्रावती हॉस्पिटल की शुरुआत से अब गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और जीवन रक्षा का केंद्र बनेगा।
वहीं डॉ. ए.के. जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि अस्पताल में आधुनिक तकनीक आधारित इलाज, अनुभवी डॉक्टरों की टीम और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरीजों को पारदर्शी और मानवीय संवेदनाओं के साथ इलाज दिया जाएगा। अस्पताल में इमरजेंसी सेवा, जांच सुविधा और गंभीर बीमारियों के इलाज की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि अब उन्हें गंभीर बीमारी की स्थिति में पटना, गोरखपुर या लखनऊ जैसे बड़े शहरों की ओर भागना नहीं पड़ेगा। लोगों ने इसे यूपी-बिहार बॉर्डर पर स्वास्थ्य व्यवस्था में “नई क्रांति” बताया।
प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर भी इस पहल की सराहना हो रही है। कई वक्ताओं ने कहा कि यदि इसी तरह स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होता रहा तो सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और समय पर इलाज मिलने से कई जिंदगियां बच सकेंगी।
अंत में मीडिया प्रभारी पूनम जायसवाल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इंद्रावती हॉस्पिटल आने वाले समय में गरीबों और जरूरतमंदों के लिए भरोसे का सबसे बड़ा केंद्र साबित होगा।
