
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बाइक सवार पर धारदार हथियार से हुए जानलेवा हमले ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बेखौफ बदमाशों ने बीच सड़क पर युवक की गर्दन पर पीछे से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे खुलेआम सरेराह खूनी वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तरयासुजान थाना क्षेत्र के मेहंदिया गांव निवासी 60 वर्षिय अब्दुल अपनी निजी फ़ैशन प्रो बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह विशुनपुरा थाना क्षेत्र के तिलकपट्टी चौराहे के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पीछे से धारदार हथियार से गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अब्दुल सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायल की पत्नी जहीरीना खातून की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हालांकि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों में यह चर्चा तेज है कि यदि अपराधियों पर समय रहते कठोर कार्रवाई होती, तो शायद इस तरह की वारदातों पर अंकुश लग सकता था। ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने आम लोगों में भय का माहौल बना दिया है।
थानाध्यक्ष शनि कुमार जावला ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।
(नोट: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं पुलिस में दर्ज तहरीर के आधार पर तैयार किया गया है। आरोप सिद्ध होना न्यायिक प्रक्रिया पर निर्भर करता है।)
