
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
नगर पंचायत फाजिलनगर में कार्यरत सफाईकर्मी धनेश बासफोड़ की ड्यूटी के दौरान हुई अचानक मौत ने पूरे नगर पंचायत परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बुधवार को सफाई कार्य करते समय उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मृत्यु ने न केवल सहकर्मियों बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी झकझोर कर रख दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनेश बासफोड़ वार्ड संख्या-14 में बधोच मोड़ से कॉलेज रोड तक नियमित सफाई कार्य में जुटे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्य के दौरान अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। साथी कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत कार्यालय में शोक का माहौल छा गया। सहकर्मियों की आंखें नम हो गईं और कर्मचारियों ने अपने बीच से एक मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ साथी को खोने पर गहरा दुख व्यक्त किया। कर्मचारियों का कहना है कि धनेश हमेशा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते थे और अपने सरल स्वभाव के कारण सभी के प्रिय थे।
नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय लोगों ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था में धनेश का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी है तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। वहीं परिजनों और कर्मचारियों ने सरकार से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और संवेदनात्मक सहयोग प्रदान किए जाने की मांग की है।
गुरुवार को उनके पैतृक गांव में पूरे विधि-विधान और गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। जैसे ही उनकी पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन हुई, परिजनों का करुण क्रंदन सुन मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। धनेश बासफोड़ भले ही इस दुनिया को अलविदा कह गए हों, लेकिन उनकी मेहनत, सेवा और सादगी की पहचान लोगों के दिलों में लंबे समय तक जीवित रहेगी।
