

कुशीनगर। पड़रौना विकास खंड के लमकन ग्राम पंचायत में विकास का नया अध्याय उस समय लिखा गया जब सदर विधायक मनीष जायसवाल ने लगभग 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित 170 मीटर लंबी सीसी सड़क तथा 63 केवीए के नए विद्युत ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया। वर्षों से सड़क और बिजली की समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों को इस सौगात से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
गांव में बने इस नए सीसी मार्ग ने जहां दुर्गा मंदिर तक पहुंच को सुगम बनाया है, वहीं जर्जर और क्षमता से कम पुराने 25 केवीए ट्रांसफार्मर की जगह स्थापित 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा। ग्रामीणों का कहना है कि अब कम वोल्टेज, बार-बार बिजली ट्रिप होने और ओवरलोड की समस्याओं से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा।
लोकार्पण समारोह उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने विधायक मनीष जायसवाल का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर आभार व्यक्त किया। विधायक ने भी गांव के सम्मानित नागरिकों और प्रबुद्धजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास ही प्रदेश को आगे बढ़ाने का आधार बनेगा।
ग्रामीणों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल सड़क और ट्रांसफार्मर का लोकार्पण नहीं, बल्कि गांव के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विकास कार्यों से आम जनमानस को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में सतीश मिश्रा, राजेश मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव, मुकेश राय, दिग्विजय सिंह, बृजेश उपाध्याय, विद्यासागर गौण, नागेंद्र गौण, महेश गुप्ता, अखंड प्रताप सिंह, भरत यादव, राजकुमार, भाजपा नेता विजय सोनी, रीता खरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विकास और जनकल्याण की चर्चा केंद्र में रही तथा ग्रामीणों ने एक स्वर में गांव के विकास पर संतोष व्यक्त किया।
