
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
पडरौना नगर में बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद, पडरौना-गोरक्ष प्रान्त के तत्वावधान में दुर्गा वाहिनी की एक महत्वपूर्ण एवं ऊर्जावान बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, मातृशक्ति के जागरण तथा समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपस्थित बहनों के उत्साह और जोश ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति, संस्कार और संगठनात्मक चेतना से ओत-प्रोत कर दिया।
बैठक में दुर्गा वाहिनी की प्रान्त संयोजिका बहन समीक्षा जी एवं प्रान्त सहसंयोजिका बहन मिथिला जी की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज का समय महिला शक्ति के जागरण का है और दुर्गा वाहिनी समाज में सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार के माध्यम से नई चेतना का संचार कर रही है। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए बहनों से सामाजिक चुनौतियों का डटकर सामना करने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महिला उपाध्यक्ष उर्मिला जायसवाल जी ने की, जबकि संचालन मातृशक्ति जिला संयोजिका सरोज जी द्वारा किया गया। बैठक का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुरूप आचार पद्धति के साथ हुआ, जिसका निर्वहन दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका करिश्मा जी ने किया।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, महिला सुरक्षा, सांस्कृतिक संरक्षण और युवतियों को आत्मनिर्भर एवं राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि दुर्गा वाहिनी केवल एक संगठन नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है।
इस अवसर पर दुर्गा वाहिनी जिला सहसंयोजिका रजनी जी, जिला कॉलेज छात्रा संपर्क प्रमुख प्रतिमा जी सहित जिले भर से बड़ी संख्या में दुर्गा वाहिनी की बहनों ने सहभागिता की। बैठक के अंत में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब मातृशक्ति संगठित होती है तो समाज में जागरण, संस्कार और परिवर्तन की नई धारा प्रवाहित होती है।
