
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विषेश संवाददाता
कुशीनगर। जनपद के रविंद्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांत राय मठिया गांव में पुराने जमीनी विवाद ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। आरोप है कि दबंगई के बल पर एक गरीब परिवार के पशु बांधने के स्थान, मड़ई और टीन शेड को उजाड़ दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
पीड़ित जयप्रकाश मिश्रा ने आरोप लगाया है कि पुराने भूमि विवाद को लेकर गांव के ही गोपाल मिश्रा के परिवार से लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसी क्रम में सुरेंद्र मिश्रा, रविंद्र मिश्रा पुत्रगण गोपाल मिश्रा समेत अन्य लोगों ने कथित रूप से मिलकर उनकी गाय बांधने वाली जगह को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा मड़ई और टीन को भी उजाड़ दिया।
बताया जा रहा है कि जयप्रकाश मिश्रा आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं, जबकि विपक्षी पक्ष पर दबंग प्रवृत्ति का आरोप लगाया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि उन्हें आए दिन गाली-गलौज, मां-बहन की अभद्र गालियां तथा जानमाल की धमकियां दी जाती रही हैं, जिससे परिवार भय और तनाव के माहौल में जीने को मजबूर है।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा घटना से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग अपने साथ लेकर चली गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी ठोस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक गरीब परिवार को न्याय कब मिलेगा? क्या प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा, या फिर मामला भी अन्य विवादों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा?
फिलहाल पूरे घटनाक्रम ने गांव में तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।
