
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के बरवापट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दशहवा स्थित हनुमान चौक पर संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गई है। इस बार वजह शराब की बिक्री नहीं, बल्कि दुकान परिसर में हुई कथित मारपीट का वायरल वीडियो है, जिसने क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे वीडियो में कुछ लोगों के बीच तीखी कहासुनी के बाद हाथापाई और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है, वहां खुलेआम मारपीट का दृश्य कई सवाल खड़े कर रहा है। वायरल वीडियो ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर शराब की दुकानों के आसपास सुरक्षा और निगरानी के दावों की हकीकत क्या है? यदि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के विवाद बढ़ते रहे तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा?
क्षेत्र में चर्चा है कि घटना के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वीडियो सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे कानून व्यवस्था पर सवाल बता रहा है तो कोई इसे जिम्मेदारों की लापरवाही का परिणाम मान रहा है।
कटाक्ष भरे अंदाज में लोग यह भी कह रहे हैं कि जहां व्यवस्था का पहरा होना चाहिए था, वहां मानो “शांति” छुट्टी पर चली गई थी और विवाद ने मंच संभाल लिया। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि ऐसी घटनाओं पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता एवं घटना के सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा किया जाना शेष है, लेकिन वीडियो ने क्षेत्र में हलचल जरूर बढ़ा दी है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिम्मेदार अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करते हैं और क्या इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे।
