
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | 13 जून 2026
कुशीनगर जनपद के थाना बरवापट्टी क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब लक्ष्मीपुर बंधा के समीप नारायणी नदी में स्नान करने गए बच्चों में से दो मासूम अचानक गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जून 2026 को लगभग 11 बजे कुछ बच्चे नारायणी नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान तेज बहाव और गहराई के कारण दो बच्चे लापता हो गए। सूचना मिलते ही थाना बरवापट्टी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ SDRF की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।
लगातार कई घंटों तक चले सघन खोज अभियान के दौरान एक बच्चे शिवम यादव (13 वर्ष) पुत्र सुखराजन, निवासी रामपुर बरहन टोला भवानीपुर, थाना बरवापट्टी, जनपद कुशीनगर का शव बरामद कर लिया गया। मासूम शिवम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम दिखाई दी।
वहीं दूसरे लापता बच्चे की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। SDRF की टीम, स्थानीय गोताखोर और पुलिसकर्मी नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही दूसरे बच्चे का भी पता लगा लिया जाएगा।
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस एवं SDRF की टीम को सक्रिय कर दिया गया था। एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश लगातार जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बच्चों को नदी में अकेले स्नान करने से रोकें तथा सतर्कता बरतें।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और अभिभावकों की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
