विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर | विशेष संवाददाता

27 अगस्त 2026
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोसी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद अब कुशीनगर प्रशासन ने बड़ी गण्डक नदी के किनारे विशेष सतर्कता बढ़ा दी है। नेपाल में भारी जन-धन की क्षति के बाद बाढ़ के तेज बहाव के साथ शवों और विभिन्न प्रकार की सामग्री के बड़ी गण्डक नदी के रास्ते कुशीनगर के नदी क्षेत्रों तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की ओर से मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी खड्डा एवं तमकुहीराज तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का साफ कहना है कि नदी से जुड़ी किसी भी सूचना को हल्के में न लिया जाए।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि तेज बहाव में स्थानीय लोग नदी में बहकर आने वाले शव अथवा कीमती सामग्री को निकालने का प्रयास कर अपनी जान जोखिम में डाल सकते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने सार्वजनिक चेतावनी, मुनादी और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए लोगों को बड़ी गण्डक नदी में प्रवेश न करने की सख्त हिदायत दी है। संवेदनशील तटों, घाटों और संभावित प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों की तैनाती कर लगातार निगरानी की जाएगी।
यदि नदी में कोई अज्ञात शव मिलता है तो उसे सुरक्षित और सम्मानजनक ढंग से बाहर निकालकर नियमानुसार पहचान एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए शव वाहन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश हैं। रेस्क्यू के दौरान किसी कर्मचारी या स्थानीय व्यक्ति की जान खतरे में न पड़े, इसके लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन होगा और आवश्यकता पड़ने पर एसडीआरएफ तथा पीएसी फ्लड बटालियन की मदद ली जाएगी।
प्रशासन ने बाढ़ के पानी के साथ आने वाली अज्ञात और संदिग्ध वस्तुओं को लेकर भी जनता को आगाह किया है। किसी भी व्यक्ति को ऐसी वस्तु छूने, उठाने या नदी से निकालने की अनुमति नहीं होगी। संदिग्ध सामग्री दिखाई देने पर तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना देनी होगी।
हर शव या महत्वपूर्ण सामग्री की सूचना को दिनांक, समय और स्थान के साथ अलग रजिस्टर में दर्ज कर फोटोग्राफ सहित अभिलेखीकरण किया जाएगा तथा सूचना तुरंत आपदा कंट्रोल रूम को भेजी जाएगी।
प्रशासन का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है—तेज बहाव वाली बड़ी गण्डक नदी से दूर रहें। शव या संदिग्ध वस्तु दिखे तो खुद ‘हीरो’ बनने की कोशिश न करें, बल्कि तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दें। आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
