
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
दिनांक: 11 मई 2026
कुशीनगर का जिला स्टेडियम रविवार को उस समय खेल उत्साह, रोमांच और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, जब गोरखपुर जोन की बहुचर्चित अन्तर्जनपदीय फुटबाल प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शकों का रोमांच चरम पर पहुंच गया। समापन समारोह में पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन श्री मुथा अशोक जैन ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए विजेता टीमों को पुरस्कृत किया और मैदान में मौजूद खिलाड़ियों का जोश देखते ही बन रहा था।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में देवरिया की टीम ने ऐसा खेल दिखाया कि पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। पुरुष वर्ग के फाइनल में देवरिया ने कुशीनगर को 4-0 से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। देवरिया के खिलाड़ियों की तेज रफ्तार, शानदार तालमेल और आक्रामक रणनीति के सामने कुशीनगर की टीम संघर्ष करती नजर आई। वहीं महिला वर्ग में भी देवरिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुशीनगर को 1-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
पुरुष वर्ग में देवरिया के कामरान अली को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया, जबकि महिला वर्ग में स्नेहलक्ष्मी ने अपनी शानदार प्रतिभा से सबका दिल जीत लिया। खिलाड़ियों की मेहनत और मैदान पर उनका जज्बा दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
समापन समारोह के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक श्री मुथा अशोक जैन ने सभी प्रतिभागी टीमों की मार्च पास्ट की सलामी ली और खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना तथा प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं बल्कि टीम भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन का सबसे बड़ा मंच है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में और अधिक मेहनत कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
09 मई से 11 मई 2026 तक चली इस प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन के 09 जनपदों— गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, संतकबीरनगर, गोण्डा, सिद्धार्थनगर, बस्ती एवं बहराइच की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की मेजबानी कुशीनगर पुलिस ने की, जिसकी व्यवस्थाओं की खिलाड़ियों और अधिकारियों ने खुलकर सराहना की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक मनोज कुमार, पीआरओ उपेन्द्र कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
