
कुशीनगर। जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या में शामिल महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस पूछताछ में जो वजह सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक शैलेश कुमार शुक्ला के पास महिला के कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मौजूद थे, जिन्हें हटाने के लिए महिला लगातार दबाव बना रही थी, लेकिन मृतक उन्हें डिलीट नहीं कर रहा था। इसी बात से आक्रोशित होकर महिला ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत थाना हाटा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा दी। पुलिस टीम ने महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में थाना कोतवाली हाटा में मु0अ0सं0 241/2026 धारा 103(3), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी। घटना के खुलासे के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अपराध हरेराम सिंह यादव, उपनिरीक्षक रुपेन्द्र पाल, उपनिरीक्षक प्रभात यादव, कांस्टेबल ज्ञान प्रकाश सूर्य, कांस्टेबल चन्द्रमा बिन्द तथा महिला कांस्टेबल सोनम यादव की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है।
