Oplus_0


विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
तमकुहीराज (कुशीनगर)। कुशीनगर जनपद का तमकुहीराज क्षेत्र आगामी 2 जून को ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर पूरा प्रशासनिक तंत्र हाई अलर्ट मोड में आ गया है, जबकि भाजपा संगठन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे क्षेत्र में राजनीतिक, प्रशासनिक और विकासात्मक माहौल गर्मा गया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह लगभग 10 बजे तमकुहीराज पहुंचेंगे, जहां वह करीब 376 करोड़ रुपये की लागत वाली 271 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास, आधारभूत ढांचा एवं जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं, जिनसे तमकुहीराज क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम HNAI पार्किंग परिसर में प्रस्तावित है, जहां विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए वह सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों का संदेश देंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा, मंच व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन तक की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। अधिकारी लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
उधर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। नगर पंचायत सेवरही स्थित मनोज वस्त्रालय पर तमकुहीराज विधायक असीम कुमार की अध्यक्षता में व्यापारी नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक ने व्यापारी वर्ग से मुख्यमंत्री की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। साथ ही व्यापारियों को मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित किए जाने की घोषणा भी की गई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी नेताओं और स्थानीय गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।
भाजपा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क अभियान चलाकर जनसभा में भारी भीड़ जुटाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। वहीं प्रशासनिक मशीनरी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि तमकुहीराज के लिए विकास, राजनीतिक संदेश और प्रशासनिक सक्रियता का बड़ा मंच माना जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें 2 जून पर टिक गई हैं, जब तमकुहीराज की धरती से विकास की नई पटकथा लिखे जाने का दावा किया जा रहा है।
