
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के थाना बिशनपुरा क्षेत्र से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा भगवान श्रीराम के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब बजरंग दल के कार्यकर्ता बिशनपुरा थाने पहुंचे और लिखित तहरीर देकर आरोपी की पहचान कर उसके विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि किसी भी धर्म, आराध्य या धार्मिक आस्था के प्रति अपमानजनक टिप्पणी समाज में तनाव और वैमनस्य फैलाने का कारण बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि विलेज फास्ट टाइम्स नहीं करता है। हालांकि, इस प्रकरण को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
इस संबंध में जब थाना बिशनपुरा प्रभारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। संबंधित व्यक्ति की पहचान की जा रही है तथा तथ्यों की जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री को गंभीरता से लिया जाएगा और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट वीडियो या संदेश को बिना सत्यापन के साझा न करें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
