
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सोमवार को थाना तरयासुजान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “एम्बुलेंस” लिखी मारुति सुजुकी वैन में छिपाकर ले जाई जा रही 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार जनपद में अवैध शराब की बिक्री, निष्कर्षण एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन की जांच की गई। तलाशी लेने पर मारुति सुजुकी वैन (वाहन संख्या BR 32 U 8926) से ऑफिसर च्वाइस ओरिजिनल व्हिस्की की 25 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 48 पाउच (180 एमएल) रखे गए थे। बरामद शराब की कुल मात्रा 216 लीटर बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिक्कू कुमार पुत्र बबलु राय, निवासी बीरपुर, थाना बीरपुर, जनपद बेगूसराय (बिहार) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क और उसके संभावित साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस बरामदगी के आधार पर थाना तरयासुजान में मु0अ0सं0 199/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि एम्बुलेंस लिखे वाहन का उपयोग तस्करी के लिए कब से किया जा रहा था और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
इस सफल कार्रवाई को थाना तरयासुजान के थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक अतुल कुमार बिंद, हेड कांस्टेबल आशुतोष पाण्डेय, कांस्टेबल मंतोष कुमार एवं कांस्टेबल गिरिश कुमार शामिल रहे।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
