
तिलक समारोह से लौटते समय काल बनकर आया ट्रेलर; गंभीर रूप से घायल किशोर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जिंदगी की जंग लड़ रहा, खुशियों का माहौल चीख-पुकार और मातम में बदला
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेलर और मारुति ईको वैन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में उजाड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी कन्हैया प्रसाद अपने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ हाटा क्षेत्र के देवराज पिपरा गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह अश्वनी कुमार भारती के यहां आयोजित था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग ईको वैन से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे यरुवाडीह गांव के गेट के सामने सामने से आ रहे ट्रेलर से वैन की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। ट्रेलर सड़क किनारे पेड़ को तोड़ते हुए आगे जाकर रुका।
हादसे में सात लोगों की मौत
मृतकों में मृदुल मिश्रा (38), कन्हैया प्रसाद (45), मिथिलेश गुप्ता (21), रंजय गुप्ता (37), राममिलन प्रसाद (38), रामविलास (65) और आयुष प्रसाद (17) शामिल हैं।
वहीं, राममिलन प्रसाद के पुत्र आर्यन प्रसाद (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
एक साथ सात मौतों से भलुही गांव में मातम पसरा है। तिलक समारोह की खुशियां अब परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गईं।
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता
